(मिथिलेश कुमार सिंह)जिले के क्वारेंटाइन केन्द्रों पर एक साथ नए और पुराने संदिग्धों को रखा जाता है। हालांकि इसके रख-रखाव के लिए जिला प्रशासन अलर्ट है। एक संदिग्ध के लिए एक कमरा निर्धारित किया गया है। इससे दूसरे संदिग्ध को उससे संपर्क होने की संभावना नहीं रहती है। डीडीसी सुनील कुमार के अनुसार जिले के विभिन्न क्वारेंटाइन केन्द्रों पर अब भी 625 संदिग्ध भर्ती हैं। जबकि 14 अप्रैल की शाम तक क्वारेंटाइन केन्द्रों से 1094 संदिग्धों को अवधि पूरी होने के बाद घर भेज दिया गया है। जिले में अभी तक जिला प्रशासन द्वारा 325 क्वारेंटाइन केन्द्र बनाए गए हैं।
इसमें जिलास्तर पर 24 व पंचायत स्तर पर 301 केन्द्र शामिल हैं। 13 अप्रैल तक 3299 लोगों को होम क्वारेंटाइन में रखा गया था। इसमें 1758 लोग राज्य के विभिन्न स्थानों आए व्यक्ति शामिल हैं। वे 28 मार्च के बाद सीवान आए हैं। 1541 लोग विदेश यात्रा से आने वाले शामिल हैं। वे 1 मार्च के बाद से सीवान आए थे। शहर के कई क्वारेंटाइन केन्द्रों का जायजा लिया गया। केन्द्रों को देखने के बाद पाया गया कि यहां पर सभी तरह की व्यवस्थाएं ठीक चल रही हैं।
इधर, क्वारेंटाइन केन्द्रों में सबसे ज्यादा रघुनाथपुर प्रखंड के संदिग्ध भर्ती हैं। इनकी संख्या 104 है। इसी प्रखंड में सबसे ज्यादा कोरोना वायरस के 23 लोग पॉजिटवि पाए गए थे। वहीं बड़हरिया के 25 संदिग्ध क्वारेंटाइन केन्द्रों में है। बड़हरिया में भी एक व्यक्ति पॉजिटवि पाया गया था। सबसे पहले कोराना वायरस के पॉजिटिव नौतन प्रखंड क्षेत्र में मिला था। वहां के भी 49 संदिग्ध क्वारेंटाइन केन्द्रों पर हैं। हसनपुरा प्रखंड के 69 व दरौली प्रखंड के 44 संदिग्ध क्वारेंटाइन केन्द्रों में है। इस दोनों प्रखंडों में भी पिछले दिनों कोरोना वायरस का पॉजिटिव पाए गए थे। इधर, सिसवन प्रखंड हसनपुरा व रघुनाथपुर प्रखंड के किनारे है। 195 संदिग्धों को क्वारेंटाइन केन्द्रों में भर्ती किया गया था।
प्रकाश होटल क्वारेंटाइन केन्द्र में 23 लोग हैं भर्ती
बबुनिया मोड़ के पास प्रकाश होटल को क्वारेंटाइन केन्द्र बनाया गया है। इस केन्द्र में मंगलवार को 23 लोग भर्ती हैं। अवधि पूरी होने के बाद 13 संदिग्धों को घर भेज दिया गया है। इस केन्द्र में 41 कमरे हैं। इसलिए इसमें पूरे कमरे फुल नहीं हो सके हैं। इस वजह से एक संदिग्ध के लिए एक ही कमरा दिया गया है। जो कमरा खाली होता है उसे तीन दिन तक खाली रखा जा रहा है। इसके बाद ही दूसरे संदिग्ध को भर्ती किया जा रहा है। उस कमरे को तीन बार यानि सुबह, दोपहर व शाम में सेनेटाइज किया जा रहा है।
होटल गीतांजलि में अबतक किसी की नहीं हुई है भर्ती
सीवान रेलवे स्टेशन के सामने गीतांजलि होटल को भी क्वारेंटाइन केन्द्र बनाया गया है। लेकिन अभी तक इसमें एक भी संदिग्ध को भर्ती नहीं किया गया है। इस केन्द्र को 9 अप्रैल को बनाया गया था। लेकिन उस समय के बाद से अभी तक विभाग या जिला प्रशासन द्वारा किसी को भी भर्ती करने के लिए नहीं भेजा गया है। इस वजह से यह केन्द्र खाली पड़ा है।
होटल इंटरनेशनल के सभी कमरे हैं खाली
बबुनिया रोड में होटल इंटरनेशल को भी क्वारेंटाइन केन्द्र बनाया गया है। इस केन्द्र में 23 संदिग्ध भर्ती किए गए थे। लेकिन उसमें अब एक भी संदिग्ध नहीं है। समय की अवधि पूरी हो जाने की वजह से ऐसे लोगों को मुक्त कर दिया गया है। वे भी अपने घर 14 अप्रैल को ही चले गए। इस तरह यह केन्द्र खाली है। साथ ही जितने भी कमरा है। उस कमरे को भी पूरी तरह से सेनेटाइज किया जा रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2VbxXRZ
No comments:
Post a Comment